Home » ट्रैफिक नियम तोड़ा तो मौके पर बनेगा चालान, QR कोड से तुरंत जमा होगा जुर्माना।

ट्रैफिक नियम तोड़ा तो मौके पर बनेगा चालान, QR कोड से तुरंत जमा होगा जुर्माना।

◆ नए ऐप से आसान होगी चालान प्रक्रिया, कार्यालय-कचहरी के चक्कर से मिलेगी राहत ई-चालान 2.0 से हाईटेक होगी यातायात व्यवस्था।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई अब और अधिक व्यवस्थित एवं डिजिटल होने जा रही है। क्योंकि जल्द ही नेक्स्ट जेन ई-चालान 2.0 ऐप के माध्यम से चालान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यातायात पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर ही चालान की कार्रवाई पूरी कर सकेंगे और वाहन चालक क्यूआर कोड के जरिए तत्काल ऑनलाइन जुर्माना जमा कर सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत चालान बनाने की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया है। यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालक का चालान बनाते समय नियम उल्लंघन से संबंधित फोटो अथवा वीडियो साक्ष्य भी ऐप पर दर्ज किया जा सकेगा। इससे चालान की कार्रवाई में साक्ष्यों का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।
नेक्स्ट जेन ई-चालान 2.0 ऐप की सबसे महत्वपूर्ण सुविधा यह होगी कि चालान की कार्रवाई के बाद वाहन चालक को जुर्माना जमा करने के लिए कार्यालय या कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मौके पर ही उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। इसके अलावा ऐप के जरिए वाहन चालक अपने चालान की जानकारी और उसके भुगतान की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यातायात पुलिस एवं संबंधित विभाग के कर्मचारी इसी ऐप का इस्तेमाल करेंगे। इससे चालान बनाने से लेकर उसके भुगतान तक की प्रक्रिया एक ही डिजिटल सिस्टम के माध्यम से संचालित की जा सकेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पुरानी ई-चालान प्रणाली में लंबित चालानों और अभिलेखों को नई व्यवस्था में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसका उद्देश्य पुराने रिकॉर्ड को नई प्रणाली में उपलब्ध कराना है, ताकि चालान संबंधी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर व्यवस्थित रूप से दर्ज रहे। नई प्रणाली से चालान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ रिकॉर्ड को सुरक्षित एवं आसानी से उपलब्ध कराने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से चालान की पूरी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
नई ई-चालान व्यवस्था में नियम उल्लंघन के दौरान फोटो और वीडियो साक्ष्य दर्ज करने की सुविधा भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे कार्रवाई के दौरान नियम तोड़ने से संबंधित साक्ष्य डिजिटल रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित किए जा सकेंगे। यातायात विभाग का मानना है कि इससे चालान प्रक्रिया को अधिक प्रमाणिक और व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।
यातायात सीओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था में चालान के दौरान फोटो और वीडियो साक्ष्य दर्ज किए जा सकेंगे। नई प्रणाली के लागू होने के साथ ही यातायात पुलिस एवं संबंधित विभाग के कर्मचारियों द्वारा इसका इस्तेमाल किया जाएगा।
मौके पर चालान, फोटो-वीडियो साक्ष्य, क्यूआर कोड से ऑनलाइन भुगतान और चालान की स्थिति देखने जैसी सुविधाएं वाहन चालकों और विभाग दोनों के लिए प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *