◆ आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले- मेरी हत्या हो जाए तो भी नहीं रुके कल्कि धाम का निर्माण।
◆ पंजाबी भाषा में आए धमकी भरे कॉल के बाद मचा हड़कंप, धमकी देने वाले ने खुद को बताया कुलबीर सिंह सिद्धू।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। श्रीकल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। बताया गया कि 24 सितंबर की देर रात उनके निजी नंबर पर एक व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसमें पंजाबी भाषा में एक ऑडियो संदेश भेजा गया। संदेश में आचार्य प्रमोद कृष्णम को रॉकेट लॉन्चर और बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। उनके अनुसार, धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपना नाम कुलबीर सिंह सिद्धू बताया है। उसने कथित तौर पर खुद को खालिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़ा बताया और धमकी दी कि आचार्य को निशाना बनाया जाएगा।
आचार्य के मुताबिक, उन्हें पंजाबी भाषा की जानकारी नहीं है, लेकिन मामले की जानकारी कराने पर पता चला कि धमकी देने वाले ने अपने संदेश में उनके कार्यों को पाखंड बताया और धमकी दी कि बात न मानने पर उन्हें रॉकेट लॉन्चर और बम से उड़ाया जाएगा।
आचार्य ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल आ रही थीं, लेकिन उन्होंने उन कॉल को रिसीव नहीं किया। धमकी मिलने की जानकारी उत्तर प्रदेश पुलिस, गृह मंत्रालय, पंजाब पुलिस और संभल पुलिस को दे दी गई है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि देश विरोधी ताकतें भारत को तालिबान और खालिस्तान जैसा बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनकी हत्या होती है तो वह देश और सनातन की सेवा में उनका बलिदान होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो केंद्र सरकार श्रीकल्कि धाम ट्रस्ट को अपने अधीन लेकर धाम के निर्माण कार्य को जारी रखे तथा धाम में गुरु गोविंद सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाए।
वहीं संभल के एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आचार्य प्रमोद कृष्णम को धमकी मिलने की जानकारी मिली है। धमकी वाला संदेश कहां से आया और इसके पीछे कौन है, इसकी जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही श्रीकल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र भेजकर आचार्य प्रमोद कृष्णम और श्रीकल्कि धाम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।
आचार्य ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों शिलान्यास के बाद श्रीकल्कि धाम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। प्रस्तावित धाम परिसर में गुरु गोविंद सिंह, भगवान महावीर और भगवान बुद्ध के मंदिर भी शामिल हैं।
