◆ ट्यूशन पढ़ने पहुंचे बच्चों ने देखा टूटे ताले, पुलिस ने शुरू की जांच।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के जिला मुख्यालय बहजोई में एक सर्राफा व्यापारी के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। परिवार उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए गया हुआ था, इसी दौरान चोर घर के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और सामान खंगाल डाला। चोरी की जानकारी उस समय हुई, जब ट्यूशन पढ़ने पहुंचे बच्चों ने मकान के टूटे हुए ताले देखे। सूचना मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना बहजोई थाना क्षेत्र में मां भगवंतपुर वाली देवी मंदिर के पास स्थित मकान में हुई है। घटनास्थल जिला मुख्यालय परिसर से करीब 800 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। यहां श्यामलाल वार्ष्णेय अपने छोटे बेटे दीपक वार्ष्णेय और बहू अंजलि वार्ष्णेय के साथ रहते हैं।

बताया गया कि 22 सितंबर की दोपहर करीब एक बजे श्यामलाल वार्ष्णेय अपने छोटे बेटे दीपक और बहू के साथ मकान में ताला लगाकर उज्जैन में महाकाल बाबा के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। अंजलि वार्ष्णेय बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती हैं और परिवार के उज्जैन जाने के कारण उन्होंने दो दिनों के लिए ट्यूशन की छुट्टी कर दी थी।
बुधवार शाम करीब चार बजे मोहल्ले के विनोद के दो बच्चे ट्यूशन पढ़ने के लिए मकान पर पहुंचे। वहां पहुंचकर बच्चों ने देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए हैं। घर की स्थिति देखकर उन्होंने शोर मचाया और तत्काल इसकी जानकारी मकान मालिक दीपक को दी।

दीपक ने घटना की जानकारी अपने बड़े भाई मोहन मुरारी वार्ष्णेय को दी। सूचना मिलने पर मोहन मुरारी घर पहुंचे तो वहां ताले टूटे पड़े थे और अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। इसके बाद घटना की सूचना डायल-112 और थाना बहजोई पुलिस को शाम करीब 7:30 बजे दी गई।
मोहन मुरारी वार्ष्णेय ने बताया कि उनकी सर्राफा की दुकान थाना बहजोई के ठीक सामने है। उन्होंने बताया कि उनके पिता और छोटा भाई घटनास्थल वाले मकान में रहते हैं, जबकि वह स्वयं अलग मकान में रहते हैं। भाई की सूचना पर वह घर पहुंचे तो ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। उन्होंने कहा कि घर से क्या-क्या सामान और कितनी नकदी या जेवरात चोरी हुए हैं, इसकी पूरी जानकारी परिवार के उज्जैन से लौटने के बाद ही हो सकेगी।
वहीं, थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि मकान में चोरी की घटना की सूचना मिली है। फिलहाल चोरी हुए सामान के संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। परिवार के लौटने और शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परिवार के उज्जैन से 24 सितंबर को लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान और संभावित नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच में जुटी है।
