Home » गणेश चौथ मेले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 10 गिरफ्तार।

गणेश चौथ मेले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 10 गिरफ्तार।

◆ एसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में कार्रवाई, मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर संभल पुलिस का विशेष पहरा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। गणेश चौथ मेले के प्रथम दिवस शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चंदौसी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। मेले में शांति व्यवस्था प्रभावित करने के चलते पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी एवं अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी चंदौसी विवेक जावला के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को थाना चंदौसी पुलिस टीम ने गणेश चौथ मेला क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में बबलू, हरिओम, रिंकू, रामनिवास, शिवा, विशाल, निजाम, जुनैद आलम उर्फ गौरा उर्फ दानिश, प्रेम और आदित्य कुमार शामिल हैं। पुलिस ने सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
गणेश चौथ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। मेला क्षेत्र में पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मेले की शांति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ भी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है, जिनसे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि मेले में अराजकता या हुड़दंग करने वालों के प्रति संभल पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *