◆ दीप प्रज्ज्वलन व वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ शुभारंभ, राष्ट्ररक्षा, सामाजिक समरसता और संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। गुन्नौर प्रखंड के ग्राम धनारी में रविवार को विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति, युवाओं तथा ग्राम के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता विहिप के जिला संगठन मंत्री मोहित जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद की स्थापना के उद्देश्यों और संगठन की सामाजिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद समाज को संगठित करने, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण तथा राष्ट्रहित के कार्यों के लिए निरंतर सक्रिय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता को मजबूत करने और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विहिप जिलाध्यक्ष अमित गुप्ता एवं प्रखंड अध्यक्ष मुकेश ने युवा पीढ़ी को धर्म, संस्कार और भारतीय संस्कृति से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्कारवान और जागरूक युवा ही समाज एवं राष्ट्र को सशक्त दिशा दे सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि ख्याली राम शास्त्री (गुरुजी) ने अपने आशीर्वचन से कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के आगामी सामाजिक एवं जनजागरण कार्यों को लेकर भी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और मातृशक्ति की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर विश्वबंधु शर्मा बिट्टू, प्रखंड मंत्री गुन्नौर, शिवम, प्रखंड संयोजक गुन्नौर, धीरेंद्र, राहुल, जिला प्रचार प्रमुख रामौतार शर्मा, जितेंद्र सहित विहिप के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत के गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
अंत में राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत वातावरण के बीच ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
