Home » अंश गौतम की तूफानी पारी से डीएसए ब्ल्यू की शानदार जीत।

अंश गौतम की तूफानी पारी से डीएसए ब्ल्यू की शानदार जीत।

डीपी विद्यापीठ क्रिकेट ग्राउंड पर हुआ मुकाबला, प्रतिभावान खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं और प्रशिक्षकों की नजर।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। डीपी विद्यापीठ स्कूल के क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे डीएसए अंडर-14 क्रिकेट मुकाबले में डीएसए ब्ल्यू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएसए रेड को मात दी। मुकाबले की शुरुआत डीपी विद्यापीठ की प्रधानाध्यापक दिव्या यादव और डीएसए सम्भल के सचिव राजकुमार ने टॉस कराकर की।
टॉस जीतकर डीएसए रेड के कप्तान सिद्धार्थ ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि ब्ल्यू के गेंदबाजों के सामने रेड की पूरी टीम 77 रन पर सिमट गई। विपिन यादव ने सर्वाधिक 15 रन बनाए, जबकि अंकित और हमजान ने नौ-नौ रन का योगदान दिया।
डीएसए ब्ल्यू की ओर से गेंदबाजी में गौरेस गौतम, मोहम्मद आजम और अथर्व वार्ष्णेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। आयुष कुमार को एक विकेट मिला।
जहां लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएसए ब्ल्यू की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज एवं कप्तान अंश गौतम ने महज 66 गेंदों में 95 रनों की आतिशी पारी खेलकर मुकाबले का रुख पूरी तरह अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। उनका साथ शाबाज मलिक ने दिया, जिन्होंने 36 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों की शानदार बल्लेबाजी के चलते ब्ल्यू ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
डीएसए रेड की ओर से गेंदबाजी करते हुए यश प्रताप ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए, जबकि वीरेश और अंकित उबादा को दो-दो विकेट मिले।

जिले की टीम के लिए खिलाड़ियों की हो रही तैयारी।

डीएसए अंडर-14 के ये मुकाबले सम्भल जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को परखने और जिले की टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के चयन की दिशा में खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रशिक्षकों की विशेष नजर है।

फोटो-2

मुकाबले जीनियस क्रिकेट अकादमी धनारी के कोच अंकित गुप्ता और आरआरके क्रिकेट अकादमी के कोच रजत राज की निगरानी में डीपी विद्यापीठ स्कूल ग्राउंड पर आयोजित किए जा रहे हैं। अंपायर की भूमिका कुलदीप वार्ष्णेय और अनिल यादव ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी सुगंध ने संभाली।
आयोजन के दौरान जीनियस क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी मोहित कुमार, सिद्धार्थ, प्रियांशु यादव, अर्जुन यादव, मानवी मीणा, अंकित यादव और अमरपाल समेत अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे। अगला मुकाबला सोमवार को डीएसए ग्रीन और डीएसए रेड के बीच डीपी विद्यापीठ स्कूल ग्राउंड पर ही खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *