◆ कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद, संगठनात्मक गतिविधियों और जनसमस्याओं पर भी होगा मंथन।
प्रवाह ब्यूरो
कासगंज। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं कासगंज जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी आज दोपहर करीब एक बजे कासगंज पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा संगठन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रभारी मंत्री भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं, कार्यकर्ताओं और जिले के विधायकों के साथ बैठक करेंगे।
बैठक का मुख्य केंद्र कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं की जानकारी लेना रहेगा। संगठन से जुड़े विषयों के अलावा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे प्रभारी मंत्री के सामने रख सकते हैं। संबंधित मामलों को लेकर प्रभारी मंत्री पार्टी पदाधिकारियों के साथ चर्चा करने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे सकते हैं।

पीएम मोदी के जन्मदिन कार्यक्रमों की बनेगी रणनीति
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू होने वाले भाजपा के विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। कार्यक्रमों की रूपरेखा, पदाधिकारियों को दी गई जिम्मेदारियां और अब तक की तैयारियों की प्रगति पर चर्चा होगी।
पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू होने वाले कार्यक्रमों को जिले में प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए। इसके लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
प्रभारी मंत्री के कासगंज दौरे के दौरान जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक होने की भी संभावना है। बैठक हुई तो इसमें जिले में चल रहे विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं की प्रगति और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों की समीक्षा की जा सकती है।
प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन में खासा उत्साह है। जिला कार्यालय में होने वाली बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां एक ओर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सीधे प्रभारी मंत्री तक पहुंचेंगी, वहीं दूसरी ओर आगामी पार्टी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति और जिम्मेदारियां भी तय की जाएंगी।
