◆ रील में दिखा दर्द, कुछ देर बाद मौत, विवाहिता की मौत ने खड़े किए कई सवाल।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। बनियाठेर थाना क्षेत्र के अकरौली गांव में बुधवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 19 वर्षीय विवाहिता सोनी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से महज करीब 40 मिनट पहले सोनी ने सोशल मीडिया पर एक रील पोस्ट की थी। रील में बज रहे गाने के बोल थे— “मुझ पर कितने हुए क्या बताऊं सितम, अगर लिखेगा कोई तो रो देगा कलम…” इसके बाद उसकी मौत की खबर ने परिजनों और ग्रामीणों को झकझोर दिया।
बताया जा रहा है कि सोनी की करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती प्रेम संबंध में बदली थी। इसके बाद उसने विशाल (21) से कोर्ट मैरिज कर ली थी। सोनी का मायका बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव में बताया गया है।

घटना के बाद मायके पक्ष के लोग अकरौली पहुंचे और ससुराल पक्ष पर पिछले 6-7 महीनों से बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया। परिजनों ने हत्या की आशंका भी जताई है। उनका आरोप है कि घटना की जानकारी भी कई घंटे तक छिपाने का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस को अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर रात करीब 9 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बनियाठेर थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा ने बताया कि विवाहिता की मौत की सूचना देर शाम मिली थी। मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे हैं, लेकिन अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर मामले की जांच करेगी।
