Home » कौन हैं संभल के नए एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी? STF से महाकुंभ और अब संभल की कमान।

कौन हैं संभल के नए एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी? STF से महाकुंभ और अब संभल की कमान।

कार्यभार संभालते ही कानून-व्यवस्था की समीक्षा, असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के निर्देश।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के नए पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने श्रावण माह, आगामी सोमवार और आने वाले त्योहारों को लेकर जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस अधिकारियों और टीमों से संवाद करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कांवड़ मार्गों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए।
संभल जैसे संवेदनशील जिले की कमान संभालने के बाद अब लोगों की नजर इस बात पर है कि आखिर नए एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी कौन हैं और उनका पुलिस सेवा में कैसा अनुभव रहा है।

विकास चंद्र त्रिपाठी का जन्म 4 नवंबर 1975 को हुआ। वह मूल रूप से गोरखपुर जिले के रहने वाले हैं और उनके पिता का नाम चंद्र प्रकाश त्रिपाठी है। उन्होंने एमए तक शिक्षा प्राप्त की है। वर्ष 2003 में प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) से पुलिस सेवा में आए और जून 2024 में उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) संवर्ग में पदोन्नति मिली। जहां दो दशक से अधिक के पुलिस सेवा करियर में विकास चंद्र त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील पदों पर जिम्मेदारी संभाली है। वह लखनऊ और वाराणसी में महत्वपूर्ण पुलिस पदों पर तैनात रहे हैं। उनके करियर में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का कार्यकाल भी खास रहा, जहां उन्होंने अपराध और संगठित अपराध के खिलाफ अभियानों में भूमिका निभाई।

इतना ही नहीं विकास चंद्र त्रिपाठी की प्रशासनिक और पुलिसिंग क्षमता को प्रयागराज महाकुंभ-2025 के दौरान भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर परखा गया। उन्हें डीजी कानून-व्यवस्था के स्टाफ ऑफिसर के रूप में क्राउड मैनेजमेंट और सुरक्षा रणनीति को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी मिली थी। महाकुंभ में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में उनकी भूमिका की सराहना की गई। जिसके बाद उन्हें बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई। अब पदोन्नति के बाद उन्हें संभल का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
संभल का कार्यभार संभालने के बाद एसपी ने कहा कि श्रावण माह चल रहा है और आगामी सोमवार को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा उनके सुचारू आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के मार्गों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि श्रावण के बाद रक्षाबंधन, बारावफात समेत कई महत्वपूर्ण त्योहार आने वाले हैं। संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा कर सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हों।
एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि जिले की पुलिस टीमों के साथ लगातार संवाद किया जाएगा और अपराध की स्थिति के साथ-साथ जनपद की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों को भी समझा जाएगा। शासन, सरकार और पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के अनुरूप पुलिस की कार्यप्रणाली तय होगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
संभल की नई पुलिस कमान अब एक ऐसे अधिकारी के हाथों में है, जिनके पास PPS से IPS तक के लंबे अनुभव, STF की कार्यशैली और महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन में सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन का अनुभव है। ऐसे में आने वाले दिनों में उनकी कार्यशैली पर जनपदवासियों और पुलिस महकमे की खास नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *