Home » अंबेडकर पार्कों की बदहाली पर पूर्व विधायक राजू यादव का डीएम को ज्ञापन।

अंबेडकर पार्कों की बदहाली पर पूर्व विधायक राजू यादव का डीएम को ज्ञापन।

◆ पार्कों का सर्वे कराकर सौंदर्यीकरण व आवश्यक सुविधाएं बहाल कराने की मांग की।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने क्षेत्र में स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्कों की बदहाल स्थिति को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए उनके सौंदर्यीकरण, रखरखाव और आवश्यक सुविधाओं के विकास की मांग की है। उन्होंने कहा कि ये पार्क सामाजिक समरसता, प्रेरणा और जनसुविधा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं, लेकिन प्रशासनिक उपेक्षा के कारण इनकी हालत लगातार खराब होती जा रही है।

पूर्व विधायक ने ज्ञापन में बताया कि रजपुरा, गुन्नौर और जुनावई विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सेमला करनपुर (मजरा भदोही), सराय ब्राह्मण, कररोरा, गंवा, केसरपुर, गुन्नौर टंकी मोहल्ला, कहरौला गर्वी, धनारी पट्टी बालू शंकर, हरदासपुर, शाहपुर, जिजौड़ा डांडा, डुपटा खुर्द सहित अनेक ग्राम पंचायतों में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्कों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। अधिकांश पार्कों में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था तथा हरियाली का अभाव है। कई स्थानों पर पार्कों की दीवारें और अन्य संरचनाएं भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि इन पार्कों का उद्देश्य समाज को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों से जोड़ना और लोगों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है, लेकिन वर्तमान में इनकी अनदेखी होने से स्थानीय लोगों में निराशा व्याप्त है। यदि समय रहते इनकी मरम्मत और रखरखाव नहीं कराया गया तो पार्कों की स्थिति और अधिक खराब हो सकती है।
पूर्व विधायक राजू यादव ने जिलाधिकारी से मांग की कि जिले के सभी अंबेडकर पार्कों का व्यापक सर्वे कराकर उनका सौंदर्यीकरण कराया जाए। साथ ही नियमित साफ-सफाई, हरियाली विकसित करने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने, पेयजल एवं बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा इनके रखरखाव के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन जनहित को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिल सकें और डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बने इन पार्कों की गरिमा भी बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *