Home » संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 75 शिकायतें, तीन का मौके पर हुआ निस्तारण।

संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 75 शिकायतें, तीन का मौके पर हुआ निस्तारण।

◆ समाधान दिवस में उमड़े फरियादी, शिकायतों में सबसे आगे रहा राजस्व विभाग।

प्रवाह ब्यूरो
गुन्नौर। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा की अध्यक्षता में आमजन की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की सर्वाधिक 47 शिकायतें, पुलिस विभाग की 9, पूर्ति विभाग की 8, ग्राम विकास विभाग की 5, चकबंदी विभाग की 2, नगर पंचायत विभाग की 1, शिक्षा विभाग की 1, विद्युत विभाग की 1 तथा एक अन्य विभाग से 1 शिकायत दर्ज की गई।
प्राप्त शिकायतों में से राजस्व विभाग की तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार ने निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अमरेश तिवारी, तहसीलदार रवि सोनकर, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, देवेंद्र, उमेश, राजवीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *