◆ मिशन शक्ति से बेटियों को प्रोत्साहन और नेतृत्व का अवसर, डीआईओएस सीपी सिंह ने स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत संभल में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। यहां छात्रा रिया यादव को एक दिन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) का विशेष दायित्व सौंपा गया। अपने जन्मदिन के अवसर पर मिले इस अनूठे सम्मान से रिया यादव के लिए यह दिन यादगार बन गया। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें जिम्मेदारियों का एहसास कराने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक सीपी सिंह ने छात्रा रिया यादव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस पहल के माध्यम से बालिकाओं को आगे बढ़ने, अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

बता दें कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसी भावना के अनुरूप छात्रा रिया यादव को एक दिन की जिला विद्यालय निरीक्षक की भूमिका सौंपना बालिका सशक्तीकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
इस तरह की पहल से छात्राओं को यह समझने का अवसर मिलता है कि प्रशासनिक पद केवल अधिकारों का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का भी परिचायक हैं। साथ ही, बालिकाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने और अपने भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा मिलती है।

छात्रा रिया यादव के जन्मदिन पर दिया गया ये विशेष दायित्व उनके लिए एक सुखद अनुभव रहा, बल्कि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक संदेश है कि उन्हें अपनी प्रतिभा और क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक सीपी सिंह ने कहा शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व के गुण विकसित करना भी है। साथ ही जिम्मेदारी सौंपने की यह पहल बालिका सशक्तीकरण, समान अवसर और सकारात्मक सोच का संदेश देती है। ऐसे प्रयास छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने तथा समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
