Home » संभल के भकरौली में नारद मोह की लीला के साथ भव्य रामलीला महोत्सव का शुभारंभ।

संभल के भकरौली में नारद मोह की लीला के साथ भव्य रामलीला महोत्सव का शुभारंभ।

◆ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ हवन-पूजन, कलाकारों के सजीव मंचन से भक्तिमय हुआ रामलीला पंडाल।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। थाना धनारी क्षेत्र के कस्बा भकरौली स्थित नुमाइश बाजार मेला ग्राउंड बस स्टैंड पर श्री रामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास, धार्मिक आस्था और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच हुआ। रामलीला महोत्सव के आगाज के साथ ही मेला परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन देखने के लिए पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता तरुण यादव ने की।
रामलीला महोत्सव के प्रथम दिवस मंच की मुख्य सेविका ज्योति गिरी एवं थाना धनारी के इंस्पेक्टर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन से पूर्व वरिष्ठ वेदाचार्य पं. रविंद्र शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हवन-पूजन कराया गया। इस दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

फोटो-2

उद्घाटन के उपरांत रामलीला मंच पर प्रथम दिवस ‘नारद मोह’ की मनमोहक एवं भावपूर्ण लीला का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय, संवाद अदायगी और भाव-भंगिमाओं से पौराणिक प्रसंग को जीवंत कर दिया। मंच पर कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को आरंभ से अंत तक बांधे रखा। जैसे-जैसे लीला आगे बढ़ी, पूरा रामलीला पंडाल भक्तिभाव से सराबोर होता चला गया।
कलाकारों के शानदार अभिनय और भक्तिमय संवादों पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, समय-समय पर गूंजते ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा मेला परिसर गुंजायमान हो उठा। रामलीला के आयोजन को लेकर कस्बे एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन में श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की गईं। आने वाले दिनों में रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के मंचन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के संरक्षक राम रहीस यादव, अतर सिंह यादव, रामचरण उर्फ कल्लू गुप्ता, नेत्रपाल सिंह यादव, ललतेश यादव, बबलू यादव, मुकेश यादव, पुष्पेंद्र यादव, राजकुमार यादव, मुंशी गिरी एवं सत्यराम सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं दर्शक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *