◆ भगवान गणेश जी का रथ मेला ग्राउंड के अंदर जाने से रोकने का दावा, आयोजक समिति से अभद्रता का आरोप।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर भारत के मिनी वृंदावन के नाम से प्रसिद्ध चंदौसी में आयोजित होने वाला गणेश चौथ मेला धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा प्रमुख आयोजन है। मेले की व्यवस्थाओं को लेकर अब मेला गणेश चौथ कमेटी और पुलिस प्रशासन के बीच कथित तौर पर मतभेद सामने आए हैं। मेला कमेटी के मीडिया प्रभारी ने मीडिया ग्रुप में जानकारी साझा करते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
मीडिया प्रभारी की ओर से आरोप लगाया गया है कि मेले में दुकानदारों को कथित रूप से बिना वजह हड़काया जा रहा है तथा मेला कमेटी पर भी अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन और कमेटी के बीच बेहतर समन्वय के बजाय सख्ती का रवैया अपनाया जा रहा है।
मेला कमेटी के मीडिया प्रभारी के अनुसार, गणेश चौथ मेले के दौरान भगवान गणेश जी का रथ जब मेला ग्राउंड पहुंचा तो पुलिस प्रशासन ने कथित रूप से उसे परिसर के अंदर जाने से रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान मेला आयोजक समिति के सदस्यों के साथ कथित रूप से अभद्रता भी की गई। घटना को लेकर कमेटी की ओर से नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं।

कमेटी का आरोप है कि मेले में दुकानदारों और आयोजन से जुड़े लोगों को विभिन्न स्तरों पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मीडिया प्रभारी ने दावा किया कि यदि व्यवस्थाओं अथवा सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन को कोई आपत्ति या निर्देश है तो उसे मेला कमेटी के साथ समन्वय स्थापित कर स्पष्ट किया जाना चाहिए, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलता रहे।
चंदौसी का गणेश चौथ मेला बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। मेले में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में दुकानदार और आयोजन समिति से जुड़े लोग भी मौजूद रहते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मेला कमेटी और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कमेटी की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद आयोजन से जुड़े लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि रथ को मेला ग्राउंड में प्रवेश से रोकने के पीछे पुलिस प्रशासन की ओर से क्या कारण बताया गया था और मौके पर किन परिस्थितियों में विवाद की स्थिति बनी।
वहीं, मामले को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी चंदौसी विवेक जावला ने विश्व प्रवाह से बातचीत में कहा कि यदि इस प्रकार की कोई घटना हुई है तो उसकी जानकारी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मेला कमेटी को किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत है तो वह सीधे उन्हें अवगत कराए। कमेटी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द उसका समाधान कराया जाएगा।
■ विश्व प्रवाह के लिए हिमालय शर्मा की रिपोर्ट…
