◆ खाना खाने के बाद रुपये मांगने पर विवाद, बाइक सवार ने किया हवाई फायर, CCTV में कैद हुई पूरी घटना।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। सोमवार रात गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव सैजना मुस्लिम में मेरठ-बदायूं हाईवे किनारे स्थित शिव गंगा होटल पर खाना खाने के बाद रुपये देने को लेकर होटल संचालक और बाइक सवार दो युवकों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद बाइक सवार एक युवक ने सड़क पर तमंचे से हवाई फायर कर दिया। घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव ईशमपुर निवासी होटल संचालक दिनेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे बाइक सवार दो युवक होटल पर खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद दोनों ने रुपये देने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों युवक बाइक से वहां से चले गए।
आरोप है कि कुछ दूर सड़क पर पहुंचने के बाद बाइक पर पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकालकर हवाई फायर कर दिया। फायर की आवाज सुनकर होटल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान होटल संचालक ने युवक की ओर पत्थर फेंका, जिसके बाद दोनों युवक बाइक से फरार हो गए।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में बाइक सवार युवक तमंचे से फायर करता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
वहीं गुन्नौर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
