◆ बरसात और अंधेरी रातों में करते थे चोरी, पूछताछ में कई चोरी की वारदातों का खुलासा।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। धनारी थाना पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर कई वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रकेश पुत्र महेंद्र और वीरेंद्र पुत्र पोखी, निवासी शाहपुर, थाना रजपुरा, संभल के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी ग्राम आर्थल निवासी अशोक पुत्र हरिराम की शिकायत के बाद हुई। अशोक ने घर से कपड़े, जेवरात और अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने आर्थल गांव में एक बंद मकान की दीवार कूदकर प्रवेश किया और गिरीश व अरविंद के साथ मिलकर कमरों के ताले तोड़कर कपड़े, बर्तन तथा पीतल-स्टील का सामान चोरी किया था। गांव में लोगों की आवाजाही बढ़ने पर आरोपी सामान पोटलियों में बांधकर बाजरे के खेत के रास्ते फरार हो गए।
आरोपियों ने तीन-चार अगस्त की रात डोहरी गांव में बंद मकान से सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और 25 हजार रुपये नकद चोरी करने की बात भी कबूल की। इसके अलावा खजरा इनायतगंज और शेरपुर में भी चोरी की वारदातें करने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि वे बंद और बाहरी मकानों को निशाना बनाते थे और बरसात व अंधेरी रातों में चोरी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी के कपड़े, जूसर, सिमई बनाने की मशीन, तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद की है।
थाना प्रभारी नरेशपाल सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
