◆ विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया शिलान्यास, गुरुकुल के वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कराया भूमि पूजन।
◆ धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान, मल्टीपरपज हॉल, पेयजल और पथ प्रकाश समेत संपन्न होंगे दर्जनों विकास कार्य।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। गुन्नौर तहसील के रजपुरा थाना क्षेत्र स्थित अत्यंत प्राचीन श्री हरिबाबा बांध धाम में मंगलवार को पर्यटन विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से प्रस्तावित कार्यों का शिलान्यास बदायूं सदर से भाजपा विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने किया। जहां धाम स्थित गुरुकुल के वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कराया।

श्री हरिबाबा बांध धाम के पर्यटन विकास के लिए शासन ने फरवरी में 77 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। मई में प्रस्तावित कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की गई। योजना के तहत धाम परिसर में मल्टीपरपज हॉल, पेयजल व्यवस्था और पथ प्रकाश समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अन्य कार्य कराए जाएंगे। इससे धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि श्री हरिबाबा बांध धाम क्षेत्र की धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र है। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के विभिन्न तीर्थस्थलों के विकास और जीर्णोद्धार को प्राथमिकता दे रही है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू ने सपा पर निशाना साधते हुए सपा के एक बयान का जिक्र करते हुए आजम खां को गृह मंत्री बनाए जाने की बात पर भी सवाल उठाया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सपा अहंकार में है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
कार्यक्रम में भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, पूर्व मंत्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव, बहजोई चेयरमैन राजेश शंकर राजू, बबराला चेयरमैन हर्षवर्धन वार्ष्णेय, गवां चेयरमैन सर्वेश दिवाकर, विशाल यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालुगण मौजूद रहे।
