Home » पतरिया में स्वास्थ्य सेवाओं की आड़ में कथित गड़बड़ी, जांच की मांग।

पतरिया में स्वास्थ्य सेवाओं की आड़ में कथित गड़बड़ी, जांच की मांग।

शांति हेल्थ केयर पर गंभीर आरोप, वैधता और चिकित्सा सेवाओं की जांच की मांग।

◆ बिना डिग्री इलाज का आरोप, अवैध गर्भपात कराए जाने का भी दावा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जुनावई थाना क्षेत्र के पतरिया गांव में संचालित बताए जा रहे शांति हेल्थ केयर हॉस्पिटल को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि अस्पताल में आवश्यक वैधानिक मानकों और पंजीकरण की अनदेखी कर स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। आरोप यह भी है कि यहां कथित तौर पर बिना मान्य चिकित्सकीय योग्यता वाले लोगों से उपचार कराया जाता है और गर्भपात जैसी संवेदनशील चिकित्सा प्रक्रियाएं भी धड़ल्ले से संचालित हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक अस्पताल के बाहर बाकायदा बोर्ड लगा है और अभय होकर मरीजों का उपचार किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के स्तर से समय रहते इस प्रतिष्ठान की जांच नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल के पंजीकरण, चिकित्सकों की योग्यता, स्टाफ की नियुक्ति तथा वहां संचालित चिकित्सा सेवाओं की वैधता की जांच कराने की भी मांग की है।
स्थानीय सूत्रों कि माने तो कुछ समय पूर्व इसी अस्पताल में कथित रूप से गलत तरीके से गर्भपात कराए जाने के बाद एक महिला की तबीयत गंभीर हो गई थी। दावा है कि बाद में मामले को आपसी समझौते और आर्थिक लेनदेन के जरिए शांत करा दिया गया। हालांकि, इस घटना से संबंधित किसी आधिकारिक शिकायत एवं कार्रवाई की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने अस्पताल की वैधानिक स्थिति की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की शैक्षिक योग्यता, पंजीकरण तथा वहां संचालित चिकित्सा प्रक्रियाओं का सत्यापन कराया जाना चाहिए। साथ ही अस्पताल को उपलब्ध कराई गई अनुमति और संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की भी जांच की जाए।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तथ्यों को सामने लाने की मांग की है। ताकि मरीजों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *